उत्तर प्रदेश में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 16,254 पात्र लाभार्थियों को सहायता दी गई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इन लाभार्थियों के लिए 20,042 कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण वितरित किए जा चुके हैं. राज्य के शेष जिलों में वितरण की प्रक्रिया जारी है.

योजना के तहत पात्र दिव्यांगजनों को उनकी शारीरिक और चिकित्सकीय जरूरतों के आधार पर 15 हजार रुपये तक की लागत वाले निर्धारित उपकरण निःशुल्क दिए जाते हैं. इनमें ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, एमआर किट, ब्रेल किट, एडीएल किट, वॉकर, रोटेटर और स्मार्ट केन शामिल हैं.

योजना में डिजिटल जरूरतों को भी शामिल किया गया है. पात्र लाभार्थियों को स्मार्टफोन, टैबलेट और डेजी प्लेयर जैसे उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इससे दिव्यांग छात्र-छात्राओं और युवाओं को ऑनलाइन शिक्षा, अध्ययन सामग्री, डिजिटल संचार और सरकारी सेवाओं तक पहुंच बनाने में मदद मिलने का दावा किया गया है.

विभाग के उपनिदेशक डॉ. अमित कुमार राय के अनुसार, योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन में समान अवसरों से जोड़ना है.