उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने के लिए 1,725 करोड़ रुपये की सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना शुरू की है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 31 अक्टूबर को लखनऊ के लोकभवन में योजना का शुभारंभ किया.

योजना के पहले चरण में लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, झांसी और गौतमबुद्ध नगर में कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार केंद्र विकसित किए जाएंगे. आगे चलकर प्रदेश के सभी 75 जिलों को नौ जोन में जोड़कर प्रशिक्षण और रोजगार का एकीकृत तंत्र तैयार किया जाएगा.

इन केंद्रों पर ITI, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि वाले युवाओं के लिए तकनीकी प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी. अन्य शैक्षिक पृष्ठभूमि के युवाओं को भी आधारभूत और गैर-तकनीकी कौशल सिखाए जाने की योजना है. विदेश में रोजगार की संभावनाओं को देखते हुए भारतीय और विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा.

केंद्रों में छात्रावास, स्मार्ट क्लासरूम, प्रयोगशालाएं, सेवायोजन कार्यालय और प्लेसमेंट सेल जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं. इन्हें चार लेन सड़कों से जोड़ने की योजना है. परियोजना पर अगले तीन वर्षों में 1,725 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.