लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने दीपावली, छठ और अन्य त्योहारों के दौरान राज्य में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी तेज कर दी है. नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को अनावश्यक शटडाउन और बार-बार होने वाली कटौती रोकने के निर्देश दिए हैं.

मंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान बकाया बिजली बिल की वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं के कनेक्शन नहीं काटे जाएं. हालांकि, बड़े और संगठित बिजली चोरी के मामलों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है. छोटे उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं करने के निर्देश भी दिए गए हैं.

शर्मा ने नियमित रूप से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को अन्य बकायेदारों की वजह से ट्रिपिंग या बिजली कटौती का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित करने को कहा. जरूरत के अनुसार ट्रांसफॉर्मर की क्षमता तत्काल बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.

नवगठित नगर पंचायतों पर विशेष ध्यान

बैठक में नवगठित नगर पंचायतों की बिजली व्यवस्था की समीक्षा भी की गई. इन क्षेत्रों में शहरी मुख्यालयों के समान निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति देने को कहा गया है. लंबित बिजली कनेक्शन आवेदनों का Jhatpat पोर्टल पर तेजी से निपटारा करने और खारिज आवेदनों की दोबारा समीक्षा के निर्देश भी दिए गए हैं. अतिरिक्त बजट की जरूरत होने पर नगर विकास विभाग ने सहयोग का आश्वासन दिया है.