कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के साथ संभावित गठबंधन वार्ता की तैयारी शुरू कर दी है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बातचीत छठ पूजा के बाद शुरू हो सकती है, हालांकि इसकी तारीख अभी तय नहीं हुई है.
पार्टी ने प्रियंका गांधी वाड्रा को उत्तर प्रदेश की राजनीतिक तैयारियों पर ध्यान देने की जिम्मेदारी दी है. उनके दायरे में घोषणापत्र, प्रचार और समन्वय समितियों का गठन शामिल है. इसके अलावा पूर्वांचल, बुंदेलखंड, अवध और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चार बड़ी रैलियां आयोजित करने की योजना पर भी काम होना है.
रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस 100 से 115 विधानसभा सीटों के लिए ऐसे उम्मीदवारों के चयन पर विचार कर रही है, जो भारतीय जनता पार्टी को चुनौती दे सकें और पार्टी की विचारधारा के अनुरूप हों.
सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच मतभेद की संभावना बनी हुई है. कांग्रेस के कुछ नेताओं ने 180 से 200 सीटों की सूची तैयार होने की बात कही है, जबकि समाजवादी पार्टी के नेताओं के बीच 80 से 100 सीटों का आंकड़ा चर्चा में है. प्रियंका गांधी ने कांग्रेस नेताओं को गठबंधन पर सार्वजनिक बयानबाजी से बचने का निर्देश दिया है.
हालिया उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 11 में से पांच सीटें जीती थीं, जबकि पहले उसके पास तीन सीटें थीं.
