उत्तर प्रदेश सरकार ने विभिन्न विभागों, परिषदों, निगमों और स्थानीय निकायों में सीधी भर्ती से नियुक्त होने वाले उम्मीदवारों के चरित्र प्रमाणपत्र से जुड़े नियमों में बदलाव किया है. नए प्रावधानों के तहत हिंसा के जरिए सामाजिक व्यवस्था बदलने की कोशिश करने वाले संगठनों से जुड़े लोगों को सरकारी नौकरी के लिए अयोग्य माना जा सकता है.

नियमों में हत्या, लूट, दुष्कर्म, महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने, भ्रष्टाचार, आतंकवादी गतिविधियों, पेपर लीक और सॉल्वर गैंग से जुड़े मामलों को भी शामिल किया गया है. ऐसे मामलों में उम्मीदवार के आरोपी या दोषी होने की स्थिति को नियुक्ति के दौरान ध्यान में रखा जाएगा. हालांकि, केवल राजनीतिक विचारधारा या विचार रखने के आधार पर किसी उम्मीदवार को नौकरी से वंचित नहीं किया जाएगा.

एफआईआर दर्ज होना अपने आप अयोग्यता नहीं

नए नियमों के अनुसार, केवल एफआईआर दर्ज होने या जांच लंबित रहने से उम्मीदवार को स्वतः सरकारी नौकरी के लिए अयोग्य नहीं माना जाएगा. मामले की स्थिति और लागू प्रावधानों के आधार पर निर्णय लिया जाएगा. बरी होने, समझौता होने या किशोर न्याय कानून के तहत आने वाले मामलों में भी स्वतः अयोग्यता लागू नहीं होगी.

नियमों में 21 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद की गतिविधियों को ध्यान में रखने की बात कही गई है. संबंधित जांच की तारीख से तीन वर्ष के भीतर किसी उम्मीदवार के व्यवस्था परिवर्तन से जुड़े हिंसक प्रदर्शनों में शामिल पाए जाने पर उसकी गतिविधियों का आकलन किया जा सकता है. व्यवहार और विचारों में सकारात्मक बदलाव दिखने पर नियुक्ति पर विचार की गुंजाइश रखी गई है.

जांच लंबित होने पर अस्थायी नियुक्ति

चरित्र सत्यापन पूरा होने में देरी होने पर नियुक्ति पत्र रोकना अनिवार्य नहीं होगा. उम्मीदवार से निर्धारित फॉर्म और अपने संबंध में जानकारी देने वाला घोषणापत्र लेकर अस्थायी नियुक्ति दी जा सकती है. बाद में जानकारी गलत पाए जाने पर नियुक्ति रद्द करने और कानूनी कार्रवाई का प्रावधान रहेगा.

जिला पुलिस या स्थानीय खुफिया इकाई को सत्यापन का आवेदन मिलने के 30 दिनों के भीतर नियुक्ति प्राधिकारी को रिपोर्ट देनी होगी. पहले से सरकारी सेवा में कार्यरत कर्मचारियों से दोबारा चरित्र प्रमाणपत्र नहीं मांगा जाएगा.