उत्तर प्रदेश में पराली और अन्य फसल अवशेषों के उपयोग को बढ़ाने के लिए 78 नए बायोगैस प्लांट स्थापित किए जाने की योजना है. कृषि विभाग के अनुसार, राज्य में अभी 40 बायोगैस प्लांट चालू हैं. इस मॉडल के तहत खेतों से पराली एकत्र कर उसे कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) संयंत्रों तक पहुंचाया जाता है. प्रसंस्करण के बाद बचने वाला जैविक अवशेष खाद के रूप में इस्तेमाल किया जाता है.
बाराबंकी में देवा रोड और हैदरगढ़ स्थित CBG संयंत्रों के जरिए हरख, हैदरगढ़, फतेहपुर और रामनगर ब्लॉक में पराली संग्रह का दायरा बढ़ा है. देवा रोड का संयंत्र रोजाना करीब 150 टन पराली संसाधित कर लगभग 15,000 से 19,000 किलोग्राम बायोगैस तैयार करता है. यहां मुख्य रूप से धान और मक्का का अवशेष इस्तेमाल होता है.
किसानों के लिए इसका सीधा लाभ खेत खाली कराने के समय और लागत में कमी के रूप में सामने आया है. एक किसान के मुताबिक, पहले एक एकड़ से पराली हटाने में करीब 2,500 से 3,000 रुपये खर्च होते थे. अब FPO और एग्रीगेटर खेतों की पहचान, संग्रह और परिवहन का काम समन्वित करते हैं. इस प्रक्रिया में कटाई, बेलिंग, ढुलाई और प्लांट संचालन से रोजगार भी पैदा हुआ है.
