वाराणसी में 2 से 4 नवंबर तक ‘अरस्तू-कन्फ्यूशियस संगोष्ठी 2026’ का आयोजन किया जाएगा. सम्मेलन का उद्देश्य विभिन्न दार्शनिक और सभ्यतागत परंपराओं के बीच संवाद को बढ़ावा देना है. अर्थशास्त्री जेफ्री सैक्स को संगोष्ठी के उद्घाटन और संबोधन के लिए आमंत्रित किया गया है. अदाणी फाउंडेशन की संस्थापक एवं चेयरपर्सन डॉ. प्रीति अदाणी भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगी. उनका विशेष संबोधन 2 नवंबर को सुबह 9 बजे निर्धारित है.
दर्शन और वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा
आयोजकों के अनुसार, संगोष्ठी में अरस्तू, कन्फ्यूशियस, हिंदू, बौद्ध, जैन, कैथोलिक और मुस्लिम परंपराओं के बीच समानताओं और अंतर पर विचार किया जाएगा. चर्चा में सदाचार-आधारित नैतिकता, सुशासन, शांति और सत्ता के नैतिक इस्तेमाल जैसे विषय शामिल होंगे.
कार्यक्रम में भू-राजनीतिक तनाव, पर्यावरणीय संकट और तेजी से बदलती तकनीक जैसी वैश्विक चुनौतियों के समाधान में नैतिक मूल्यों और अंतर-सांस्कृतिक समझ की भूमिका पर भी विमर्श होगा. कृत्रिम बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल अलग-अलग भाषाओं और परंपराओं के बीच संवाद को सुगम बनाने के लिए किए जाने की योजना है.
2 और 3 नवंबर को मुख्य सम्मेलन, व्याख्यान और विषयगत सत्र होंगे. 4 नवंबर को प्रतिभागियों के लिए गंगा घाट, आरती, प्रमुख मंदिरों और सारनाथ के भ्रमण का कार्यक्रम रखा गया है.
