वाराणसी में 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीपावली का भव्य आयोजन किया जाएगा. इस दौरान काशी के घाट 11 लाख से ज्यादा दीपों से रोशन होंगे. आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने शहर में सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विस्तृत योजना तैयार की है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, देव दीपावली कार्यक्रमों की शुरुआत 20 नवंबर से होगी. नमो घाट पर चार दिवसीय गंगा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जो 23 नवंबर तक चलेगा. मुख्य आयोजन 24 नवंबर की शाम होगा.

घाटों पर महाआरती और लेजर शो

चेत सिंह घाट पर ग्रैंड लेजर शो आयोजित किया जाएगा. दशाश्वमेध घाट पर महाआरती होगी, जबकि श्री काशी विश्वनाथ धाम के सामने पर्यावरण अनुकूल ग्रीन आतिशबाजी की योजना है.

गंगा में नावों की भीड़ और आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए पहली बार टू-वे लेन सिस्टम लागू किया जाएगा. इसका उद्देश्य नदी में नावों के सुरक्षित संचालन को व्यवस्थित करना है.

10 जोन और 21 सेक्टरों में सुरक्षा व्यवस्था

श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बड़ी संख्या को देखते हुए पूरे शहर को 10 जोन और 21 सेक्टरों में बांटा जाएगा. निगरानी के लिए 27 वॉच टावर बनाए जा रहे हैं और ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जाएगी. पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर के जरिए गश्त करेगी.

यातायात व्यवस्था के तहत शहर के बाहर 7 डायवर्जन प्वाइंट और 31 पार्किंग स्थल तय किए गए हैं. आयोजन के दौरान मुख्य मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा.

मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए 14 अस्पतालों को जोड़कर विशेष ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जाएगा. शहर की सफाई और व्यवस्था बनाए रखने के लिए 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान भी चलेगा.