वाराणसी में गंगा और वरुणा नदियों के किनारे बनने वाले दो एलिवेटेड कॉरिडोर के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को कुल 32 बोलियां मिली हैं. दोनों परियोजनाओं को चार पैकेजों में विकसित किया जाएगा. इनकी संयुक्त लंबाई करीब 89.2 किलोमीटर और कुल पूंजीगत लागत लगभग ₹25,446 करोड़ है.
वरुणा कॉरिडोर की प्रमुख कड़ियां
करीब 43.2 किलोमीटर लंबा वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर NH-31 को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ेगा. ₹10,998.32 करोड़ की इस परियोजना से काशी रेलवे स्टेशन, वाराणसी एयरपोर्ट, वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन, वाराणसी जंक्शन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक पहुंच बेहतर होने की उम्मीद है.
गंगा कॉरिडोर में छह लेन की सड़क
करीब 46 किलोमीटर लंबा छह-लेन गंगा एलिवेटेड कॉरिडोर NH-19 को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ेगा. इसकी लागत ₹14,447.64 करोड़ निर्धारित है. परियोजना में 910 मीटर का केबल-स्टे ब्रिज और 1.32 किलोमीटर लंबा एक्स्ट्राडोज्ड फुट ओवरब्रिज-कम-मेजर ब्रिज भी शामिल है.
कॉरिडोर से BHU, काशी विश्वनाथ मंदिर, नमो घाट, प्रमुख घाटों, रामनगर पोर्ट और चंदौली क्षेत्र तक संपर्क बेहतर होगा. दोनों परियोजनाओं का उद्देश्य शहर में यातायात दबाव कम करना है.
