वाराणसी में गंगा और वरुणा नदियों के किनारे प्रस्तावित दो एलिवेटेड कॉरिडोर की चार निर्माण पैकेजों के लिए कुल 32 बोलियां मिली हैं. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अनुसार, वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर के दो पैकेजों के लिए 8 और 7 बोलियां, जबकि गंगा कॉरिडोर के दो पैकेजों के लिए 8 और 9 बोलियां प्राप्त हुईं.
दोनों परियोजनाओं की संयुक्त लंबाई करीब 89.2 किलोमीटर है. 43.2 किलोमीटर लंबा वरुणा कॉरिडोर NH-31 को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ेगा. इसकी अनुमानित पूंजीगत लागत ₹10,998.32 करोड़ है.
गंगा कॉरिडोर NH-19 को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ेगा. इसकी लागत ₹14,447.64 करोड़ रखी गई है. परियोजना में छह लेन की एलिवेटेड मुख्य सड़क, 910 मीटर लंबा केबल-स्टे ब्रिज और 1.32 किलोमीटर लंबा एक्स्ट्राडोज्ड फुटओवर ब्रिज-कम-मेजर ब्रिज शामिल है.
NHAI के मुताबिक, इन कॉरिडोर से वाराणसी के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, एयरपोर्ट, रामनगर पोर्ट, BHU और धार्मिक स्थलों तक संपर्क बेहतर होगा. दोनों परियोजनाओं को जुलाई 2026 में मंजूरी मिली थी और इन्हें Hybrid Annuity Model के तहत विकसित किया जाना है.
