वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र स्थित एक हॉस्टल में बिहार से पढ़ने आई 12 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, छात्रा पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गई थी. गंभीर हालत में उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

मृत छात्रा की पहचान बिहार के सीवान जिले के बैजरहा गांव निवासी स्नेहा मिश्रा के रूप में हुई है. वह कक्षा सात में पढ़ती थी और बेहतर शिक्षा के लिए वाराणसी में रहकर पढ़ाई कर रही थी.

घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए

पुलिस को छात्रा के गिरने की सूचना पीआरवी के जरिए मिली थी. इसके बाद लंका पुलिस शिवप्रसाद गुप्त कॉलोनी की लेन नंबर तीन स्थित ज्ञानदीप एकेडमी एंड हॉस्टल पहुंची और बच्ची को अस्पताल ले जाया गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद हॉस्टल में हड़कंप मच गया.

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया. टीम ने हॉस्टल परिसर और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. बताया गया है कि स्नेहा के साथ हॉस्टल में दो अन्य बच्चियां भी रहती थीं. पुलिस स्कूल प्रबंधन और हॉस्टल वार्डन से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है.

हादसा या कोई दूसरी वजह, जांच जारी

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के मुताबिक, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. शव को कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है.

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रा छत तक कैसे पहुंची और घटना के समय हॉस्टल में कौन-कौन मौजूद था. हादसे की आशंका के साथ अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है. फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियों का पता चल सकेगा.