उत्तर प्रदेश के वाराणसी के मदनपुरा इलाके में बुधवार को झाड़ू, पेंट और पैकिंग सामग्री की दुकान में आग लग गई. देखते ही देखते आग बगल की सतनाम ज्वेलर्स तक पहुंच गई. घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास की दुकानों व छह मंजिला इमारत को भी खतरा पैदा हो गया.
यह मामला दशाश्वमेध थाना क्षेत्र का बताया गया है. आग संजय प्रजापति की दुकान से शुरू हुई, जहां झाड़ू, पेंट, पुट्टी और प्लास्टिक से जुड़ी पैकिंग सामग्री रखी थी. ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैलने लगी और पास स्थित सतनाम सिंह की ज्वेलरी दुकान भी इसकी चपेट में आ गई.
दमकल टीमों ने चलाया बचाव अभियान
आग और घने धुएं की सूचना मिलने पर मदनपुरा चौकी प्रभारी विशाल विक्रम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई. भेलूपुर और चेतगंज समेत संबंधित अग्निशमन केंद्रों से दमकल वाहन घटनास्थल पर भेजे गए. आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकलकर्मियों और वाहनों की मदद ली गई.
बचाव अभियान के दौरान छह मंजिला इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने को प्राथमिकता दी गई. पुलिस ने मौके पर जमा भीड़ को नियंत्रित किया, ताकि दमकलकर्मियों को राहत और बचाव कार्य में परेशानी न हो.
दमकल टीमों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की सूचना दी. दोनों दुकानों में रखे सामान को नुकसान पहुंचा है और शुरुआती तौर पर लाखों रुपये की क्षति की आशंका जताई गई है. हालांकि, नुकसान की वास्तविक राशि का आकलन अभी नहीं हुआ है.
आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. संबंधित विभाग घटना के कारणों और आर्थिक नुकसान का आकलन कर रहे हैं.
