वाराणसी के दारानगर इलाके में एक परिवार अपने 10 साल पुराने पालतू तोते एलेक्स की तलाश कर रहा है. एलेक्स 16 नवंबर को घर में टाइल्स लगाने का काम चलने के दौरान मशीनों की तेज आवाज से घबराकर उड़ गया था.

परिवार के मुताबिक, आसपास के इलाकों में तलाश और लोगों से पूछताछ के बाद भी जब तोते का पता नहीं चला, तो उसकी तस्वीर वाले पोस्टर लगाए गए. परिवार के सदस्य वाराणसी की गलियों और आसपास के क्षेत्रों में एलेक्स को खोज रहे हैं.

मौर्य परिवार ने एलेक्स को सुरक्षित वापस लाने या उसके बारे में पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति को 11 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है. परिवार ने लोगों से अपील की है कि यदि तोता किसी छत, पेड़ या घर के आसपास दिखाई दे, तो उसे पकड़ने की कोशिश करने के बजाय परिवार को सूचना दें.

परिवार का कहना है कि एलेक्स लंबे समय से घर का हिस्सा था. वर्ष 2019 में भी वह घर से उड़ गया था और बाद में वाराणसी के खजूरी इलाके से मिल गया था. इस बार परिवार को फिर उसके लौटने की उम्मीद है.