वाराणसी के नमो घाट पर बुधवार को एयर शो का ग्रैंड रिहर्सल किया गया. रिहर्सल के दौरान राफेल समेत करीब 20 लड़ाकू विमानों ने गंगा के ऊपर उड़ान भरकर करतब दिखाए. विमानों की गर्जना से नमो घाट और आसपास का क्षेत्र गूंज उठा.

प्रदर्शन के दौरान गंगा नदी के बीच एक क्रूज पर हेलिकॉप्टर से कमांडो उतारने का अभ्यास भी किया गया. घाट पर बनाए गए मंच से लड़ाकू विमानों की उड़ान से जुड़ी ब्रीफिंग की गई.

पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है. दर्शकों को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश से पहले तीन स्तर की सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा.

भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के अवसर पर यह एयर शो आयोजित किया जा रहा है. कार्यक्रम 22, 23 और 25 अक्टूबर को होने हैं. 25 अक्टूबर के मुख्य एयर शो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहुंचने की जानकारी दी गई है.