उत्तर प्रदेश को पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस मिलने जा रही है. वाराणसी और नई दिल्ली के बीच चलने वाली इस ट्रेन को 31 अक्टूबर को वाराणसी से हरी झंडी दिखाई जाएगी. उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के शामिल होने की जानकारी दी गई है.

नई सेवा से वाराणसी और राष्ट्रीय राजधानी के बीच रातभर का तेज रेल विकल्प मिलेगा. वाराणसी से नई दिल्ली की यात्रा मौजूदा शिव गंगा एक्सप्रेस की तुलना में 55 मिनट कम समय में पूरी होने का दावा किया गया है. वापसी यात्रा में करीब 35 मिनट बचने की बात कही गई है.

इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन

वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस वाराणसी और नई दिल्ली के बीच प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद स्टेशनों पर ठहरेगी. इससे इन शहरों के यात्रियों को दिल्ली और वाराणसी के बीच यात्रा का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा.

उद्घाटन के दिन ट्रेन बनारस रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन संख्या 02527 के रूप में दोपहर 4:15 बजे रवाना होगी. यह शाम 6 बजे प्रयागराज, रात 8:05 बजे कानपुर सेंट्रल, रात 11:20 बजे अलीगढ़ और रात 1:10 बजे गाजियाबाद पहुंचेगी. अलीगढ़ से 11:22 बजे रवाना होकर ट्रेन रात 2 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी.

नियमित सेवा का समय

नियमित परिचालन में ट्रेन वाराणसी जंक्शन से रात 8:50 बजे चलेगी और अगली सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी. वापसी में नई दिल्ली से रात 9:40 बजे रवाना होकर यह ट्रेन सुबह 7:10 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी.

सेवा सप्ताह में छह दिन संचालित होगी. वाराणसी से चलने वाली ट्रेन शुक्रवार को और नई दिल्ली से चलने वाली सेवा शनिवार को नहीं चलेगी.

16 कोच और 823 सीटें

ट्रेन में सुरक्षा के लिए कवच प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे, धुआं और आग का पता लगाने वाला सिस्टम, इमरजेंसी पैसेंजर अलार्म और आधुनिक फायर सेफ्टी सुविधाएं दी गई हैं.

ट्रेन की बॉडी ऑस्टेनिटिक स्टेनलेस स्टील से बनी है. इसमें ऑटोमैटिक स्लाइडिंग प्लग डोर, सील फ्लेक्सिबल गैंगवे और रीजनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम होगा. यात्रियों को USB Type-A और Type-C पोर्ट, 3-पिन चार्जिंग सॉकेट, Wi-Fi, सामान रखने की जगह और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष बर्थ व शौचालय मिलेंगे.

ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे—एक फर्स्ट एसी, चार सेकेंड एसी और 11 थर्ड एसी. इनमें क्रमशः 24, 188 और 611 सीटें होंगी. इस तरह कुल सीट क्षमता 823 होगी. फर्स्ट एसी कोच में गर्म पानी से नहाने की सुविधा भी दी जाएगी.