उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनगणना-2027 के तहत राज्य में शुरू हो रही स्व-गणना और घर-घर जनगणना प्रक्रिया के बीच सटीक आंकड़े जुटाने पर जोर दिया है. उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की योजना बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
मुख्यमंत्री ने अपील की कि प्रदेशवासी जनगणना में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने परिवार से जुड़ी सही जानकारी उपलब्ध कराएं. उनका कहना है कि आंकड़ों की शुद्धता से सरकार को वास्तविक जरूरतों की पहचान करने में मदद मिलेगी और कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहेगा.
उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना का कार्यक्रम निर्धारित है. इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना और 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण चलाया जाना है.
जनगणना प्रक्रिया में नागरिकों की भागीदारी को विकास और सामाजिक कल्याण से जुड़े फैसलों के लिए आधारभूत माना जा रहा है.
