उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के दीपोत्सव और शहर के बदलते स्वरूप को प्रदेश की बढ़ती समृद्धि से जोड़ते हुए कहा कि अयोध्या आस्था की नगरी है, राजनीति का अखाड़ा नहीं. उन्होंने यह बात ‘आजतक पंचायत अयोध्या’ के मंच से कही.
मुख्यमंत्री के अनुसार, दीपोत्सव के शुरुआती दौर में अयोध्या जिले में करीब 2.55 लाख दीप जलाने की व्यवस्था हो पाई थी. इसके लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से भी दीप जुटाने पड़े थे. उन्होंने कहा कि दसवें दीपोत्सव तक अकेले अयोध्या नगरी में 70 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए.
योगी ने बताया कि राम की पैड़ी, नए घाट और गुप्तार घाट तक घाटों की श्रृंखला में लगभग 36 लाख दीप जलाए गए. उनके मुताबिक, दीपोत्सव का हर संस्करण उत्तर प्रदेश की बढ़ती आर्थिक समृद्धि, जनभागीदारी और नई ऊर्जा का प्रतीक बन रहा है.
दसवां दीपोत्सव नई शुरुआत का संकेत
दसवें दीपोत्सव को आखिरी आयोजन बताए जाने से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हर दिन अपने आप में आखिरी होता है और हर आखिरी दिन एक नई शुरुआत लेकर आता है. उन्होंने कहा कि पहले दीपोत्सव के समय भी इसके भविष्य को लेकर सवाल उठे थे, लेकिन सरकार ने इसे शुरुआत के रूप में देखा और आयोजन लगातार नई ऊंचाइयों तक पहुंचा.
मुख्यमंत्री ने अयोध्या के विकास को राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े लंबे संघर्ष और बलिदानों से जोड़ते हुए कहा कि शहर का कायाकल्प एक दिन की यात्रा का परिणाम नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहे लोगों की प्राथमिकताओं में सनातन परंपरा और भगवान श्रीराम को पर्याप्त स्थान नहीं मिला. 1949 की घटनाओं और 1990 के दशक में कारसेवकों पर गोली चलने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आंदोलन को कई बार दबाने की कोशिश हुई.
विकास के साथ गरीब कल्याण पर जोर
योगी ने कहा कि सरकार ने अयोध्या के विकास के साथ गरीब कल्याण को भी प्राथमिकता दी है. उनके मुताबिक, योजनाओं का लाभ गांव, गरीब, किसान, दलित, वंचित और महिलाओं तक बिना भेदभाव पहुंचाने का प्रयास किया गया है.
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या को बदनाम करने या रामभक्तों की भावनाओं से खिलवाड़ करने की राजनीति अब नहीं चल सकती. उन्होंने कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए दंगाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही.
