उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीपफेक जैसी तकनीकों का इस्तेमाल कर अपराध करने वाले लोग जांच एजेंसियों से नहीं बच सकेंगे. उन्होंने दावा किया कि राज्य की वैज्ञानिक, फॉरेंसिक और विधिक क्षमताओं के जरिए ऐसे अपराधियों को ट्रैक किया जा सकता है.

लखनऊ में उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस में आयोजित तीन दिवसीय ‘टेकसंगम 2026’ सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने AI के अति-निर्भर इस्तेमाल को लेकर भी सावधानी बरतने को कहा. उनके मुताबिक AI जांच और निर्णय प्रक्रिया में सहायक हो सकता है, लेकिन अंतिम निर्णय मानवीय विवेक और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर होना चाहिए.

योगी ने कहा कि फॉरेंसिक जांच, डिजिटल तकनीक और वैज्ञानिक साक्ष्यों के बेहतर समन्वय से आपराधिक मामलों की जांच अधिक प्रभावी हो सकती है और न्याय में देरी कम की जा सकती है. सम्मेलन में साइबर अपराध, डीपफेक, डिजिटल साक्ष्य, क्वांटम तकनीक और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषयों पर चर्चा हुई.