उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली पर पटाखे जलाने को लेकर उठ रही प्रदूषण संबंधी चिंताओं के बीच इसका बचाव किया. उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान प्रदूषण बढ़ा भी हो, तो वह समय के साथ समाप्त हो जाएगा.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने दीपावली समारोहों पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया, बल्कि लोगों को पूरे उत्साह और खुले मन से त्योहार मनाने के लिए प्रोत्साहित किया. उन्होंने धनतेरस के दौरान बाजारों में दिखी चहल-पहल और अयोध्या में हुए दीपोत्सव का भी उल्लेख किया.
मुख्यमंत्री ने आलोचकों पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि भ्रष्टाचार के जरिए पूरी व्यवस्था को ‘प्रदूषित’ करने वालों पर उतने सवाल क्यों नहीं उठाए जाते, जितने एक दिन पटाखे जलाने पर उठाए जाते हैं.
यह बयान ऐसे समय आया है जब दीपावली के बाद उत्तर भारत, खासकर दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता को लेकर बहस तेज है. हालिया रिपोर्टों में पटाखों के धुएं को मौसमी प्रदूषण बढ़ाने वाले कारकों में शामिल बताया गया है.
