लखनऊ में गुजरात सरकार के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें Vibrant Gujarat Global Summit 2027 में शामिल होने का निमंत्रण दिया. यह निमंत्रण गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की ओर से सौंपा गया.
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गुजरात के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री रमनभाई सोलंकी ने किया. इसमें सचिव आलोक कुमार पांडेय, MSME आयुक्त क्षिप्रा अग्रे और गुजरात सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे.
बैठक में दोनों राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने और साझा विकास प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श किया गया. प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री ए.के. शर्मा को भी सम्मेलन में शामिल होने और ऊर्जा व शहरी विकास से जुड़े ज्ञान सत्रों में योगदान देने का निमंत्रण दिया.
चर्चा में बिजली वितरण सुधार, भूमिगत केबलिंग, RDSS योजना, शहरी प्रशासन, औद्योगिक विकास, सड़क संपर्क, PPP मॉडल और अपशिष्ट जल के उपचार व पुन: उपयोग जैसे विषय शामिल रहे. उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को स्वास्थ्य क्षेत्र और फार्मा निर्यात से जुड़े सत्रों के लिए आमंत्रित किया गया.
आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, Vibrant Gujarat Global Summit 2027 का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक गांधीनगर के महात्मा मंदिर में होगा.
