लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की गरिमा, स्वाभिमान और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने शारदीय नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा के बाद यह बात कही.

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मसम्मान सशक्त तथा समृद्ध समाज की बुनियाद हैं. एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सुशासन के माध्यम से महिला सशक्तीकरण के नए मानक स्थापित किए जा रहे हैं.

योगी ने सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को लड़कियों की शिक्षा और कल्याण से जोड़ा. उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, उज्ज्वला योजना, इज्जत घर और घरौनी जैसी पहलों का भी जिक्र किया.

मुख्यमंत्री के अनुसार, 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए आजीवन मुफ्त बस यात्रा और वृद्धावस्था पेंशन जैसी सामाजिक सुरक्षा व्यवस्थाएं भी लागू हैं.