लखनऊ में आयोजित Rising Bharat Summit में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जीरो टॉलरेंस नीति केवल माफिया तक सीमित नहीं है. उन्होंने कहा कि सिस्टम के लिए खतरा पैदा करने वाले हर अपराधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था को निवेश, बुनियादी ढांचे और रोजगार के लिए जरूरी बताते हुए कहा कि कर्फ्यू और दंगों के माहौल में आर्थिक गतिविधियां आगे नहीं बढ़ सकतीं.
योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, 2017 में उत्तर प्रदेश में करीब 1.5 लाख पुलिस पद खाली थे. पिछले दशक में लगभग 2.30 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती पूरी की गई है, जबकि 32 हजार अन्य पदों पर भर्ती अंतिम चरण में है और अभ्यर्थियों का सत्यापन चल रहा है.
उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशिक्षण क्षमता छह हजार से बढ़कर एक समय में 60 हजार कर्मियों तक पहुंच गई है. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य के सभी 18 मंडलीय मुख्यालयों पर ए-ग्रेड फॉरेंसिक लैब स्थापित की गई हैं.
उनके अनुसार, पहले साइबर थाने केवल लखनऊ और नोएडा में थे, जबकि अब सभी 75 जिलों में साइबर थाने और हर थाने में साइबर हेल्पलाइन उपलब्ध है. सात शहरों में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली भी लागू की गई है.
